तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे दोपहिया वाहन पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर जख्मी हो गया। मृतक का नाम मोहम्मद हुसैन गुलाम मुस्तफा जो नालसाहब चौक इतवारी निवासी है। जख्मी का नाम मोहम्मद आतीफ मोहम्मद जिया जो जाफरनगर अवस्थी चौक गिट्टीखदान निवासी है। कार में दो महिलाएं माधुरी शिशिर सारडा वर्धमान नगर व रितिका उर्फ रितू दिनेश मालू सवार थीं, दोनों महिलाएं हाई-प्रोफाइल परिवार की बताई जा रही हैं। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस भी बचने का प्रयास करती रही और जानकारी देने से आनाकानी करती रही। घटना शनिवार की देर रात रामझूला टर्निंग पर हुई। तहसील पुलिस ने कार चालक महिला पर धारा 279, 338, 304(अ) व सहधारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है।
रामझूला के टर्निंग के पास हुई घटना को लेकर पुलिस पर काफी दबाब बनाया जा रहा था। इस मामले को दबाने का प्रयास किया गया था, लेकिन जाणता राजा लोकसेवा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष मयूरेश भूषण दडवे व सहयोगियों ने मौके पर पहुंचकर वीडियो व फोटोग्राफ निकाला और उसे तहसील के थानेदार को दिखाया। इसके बाद कार चालक महिला रितू पर अपराध दर्ज किया गया। दडवे ने पुलिस आयुक्त से मामले की जांच करने की मांग की है। मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए आर्थिक मदद देने की मांग विनीत भूषण दडवे ने भी शासन से की है।



