महाराष्ट्र में जिला परिषद प्राथमिक शिक्षकों के तबादले के लिए चल रही ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पिछले कई दिनों से तकनीकी दिक्कतों के कारण ठप पड़ी हुई थी। वेबसाइट स्लो होना, अचानक हैंग हो जाना, जानकारी सेव न होना जैसी समस्याओं से हजारों शिक्षक आवेदन नहीं भर पा रहे थे। सरकार ने पहले 5 अगस्त से 8 अगस्त 2025 तक की अंतिम तिथि घोषित की थी, लेकिन उस दौरान पोर्टल की हालत बेहद खराब रही। कई शिक्षक रात भर जागकर, मोबाइल, लैपटॉप, साइबर कैफे और दोस्तों के कंप्यूटर से कोशिश करते रहे, फिर भी आवेदन जमा नहीं हो पाए।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र विधान परिषद के शिक्षक विधायक ज. मो. अभ्यंकर ने तुरंत पहल की। उन्होंने ग्राम विकास विभाग के प्रधान सचिव श्री डवले को पत्र भेजकर अंतिम तारीख बढ़ाने की मांग की। 7 अगस्त 2025 को भेजे गए पत्र में उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं और भावनाओं को स्पष्ट रूप से रखा, ताकि सरकार तक उनकी आवाज पहुंच सके। अभ्यंकर के सकारात्मक और प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप सरकार ने आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2025 तक बढ़ाने की घोषणा कर दी। इस निर्णय से राज्यभर के शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षक समुदाय ने कहा, “शासन दरबार में शिक्षकों की व्यथा पहुंचाने वाला सच्चा प्रतिनिधि वही है जो हमारी समस्याओं को समझे — और वह हैं विधायक ज. मो. अभ्यंकर।” उनके संवेदनशील नेतृत्व ने हजारों शिक्षकों का भरोसा और अधिकार दोनों कायम रखे।



