नागपुर क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने “ऑपरेशन शक्ति” के तहत दो अलग-अलग छापेमारी में देह व्यापार के रैकेट का भंडाफोड़ किया है. इन कार्रवाइयों में तीन दलालों को गिरफ्तार किया गया है और सात महिलाओं को बचाया गया है, जिनमें से पांच हाल ही में दूसरे राज्यों से हवाई जहाज द्वारा नागपुर आई थीं. पुलिस के मुताबिक, दलाल अब पकड़े जाने से बचने के लिए ऑनलाइन माध्यमों से इस धंधे को चला रहे हैं, जहाँ वे ‘नाइट आउट पार्टियों’ के बहाने इन महिलाओं को ऊँचे दामों पर मुहैया करवा रहे थे।
नागपुर शहर पुलिस ने ऑपरेशन शक्ति के तहत अवैध और अनैतिक व्यापार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है. गुरुवार को ही ओयो होटल, गेस्ट हाउस और होटल मालिकों की मीटिंग लेकर उन्हें संदिग्ध गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई थी। बावजूद इसके नवीन कामठी में एक फार्महाउस और गणेश पेठ पुलिस थाना अंतर्गत एक होटल के बाहर हुई पुलिस की छापामारी में जिस्मफरोशी के धंधों का पर्दाफाश हुआ है।




