कल दिनांक 4 मार्च को चंद्रपुर के श्रमिक पत्रकार संघ भवन में महाराष्ट्र के वन, सांस्कृतिक तथा मत्स्य व्यवसाय मंत्री सुधीर मुनगंटीवार की मीट द प्रेस संपन्न हुई। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर जिले के पालकमंत्री तथा वनमंत्री सुधीर मुनगंटीवार का नाम चर्चा में है किंतु वे लोकसभा चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं। उनकी इच्छा केंद्र की राजनीति की बजाय राज्य की राजनीति में सक्रिय रहने की अधिक है। आने वाले समय में 5 सेक्टर में विशेष कार्य करना है। पार्टी आलाकमान के हर आदेश पर अमल के लिए हमेशा तैयार रहने के संकेत स्थानीय श्रमिक पत्रकार भवन में आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने दिए।
आज वनमंत्री के नाते किए कार्यो का नतीजा है कि वनविभाग के अधिकारियों की ओर से भव्य दिव्य सत्कार किया गया। आने वाले समय पर 5 सेक्टर में विशेष कार्य करने की मंशा उन्होंने जाहिर की। जिसमें जय मिशन योजना अंतर्गत 5001 किमी की पगडंडी मार्ग, मालगुजारी तालाबों का पुनर्निर्माण, कृषि महाविद्यालय, एफबीओ फार्मेट, बचत समूहों का विकास, बांबू प्रोजेक्ट के लिए किसानों का प्रोत्साहन, रोजगार के लिए बांबू में. रिसर्च, स्कील डेवलपमेंट के लिए आईटीआई, इंजीनियरिंग कालेज में बेहतर योगदान, केजी से पीजी कार्यक्रम की व्यवस्था आदि का समावेश है, ऐसा उन्होंने बताया।
मुनगंटीवार ने आगे कहा कि, सिंचाई की दृष्टि से वर्षो से रेंग रहे भेंडाला परियोजना का टेंडर हो चुका है दिंडोरा और पूरा होने से जिले में हरित क्रांति का सपना पूरा हो सकेगा। पर्यटन की दृष्टि से 100 एकड़ जगह मिलने पर अत्याधुनिक रिसोर्ट तैयार करने का आश्वासन रिसोर्ट मालिकों से मिला है, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया की तर्ज पर सफारी, सैनिक स्कूल और बॉटनिकल गार्डन का भ्रमण शामिल होगा, उद्योगों से सीटीपीएस का प्रदूषण कम होगा, अब फ्लाय ऐश डंप करने की आवश्यकता नहीं होगी उसे सीधे निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जाएगा, रेलवे और महामार्ग के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गड़करी के सहयोग से विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उन्हें राजनीति में स्थापित करने वाले एकमात्र उनके गॉडफादर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी है।



