इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की दुनिया की दिग्गज कंपनी टेस्ला आज से आधिकारिक रूप से भारतीय बाजार में प्रवेश कर रही है। कंपनी ने मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित मेकर मैक्सिटी मॉल में अपना पहला शोरूम लॉन्च कर दिया है। दुनियाभर में अपनी हाई-टेक और पर्यावरण के अनुकूल कारों के लिए मशहूर टेस्ला की भारत में यह शुरुआत लंबे समय से चर्चा में थी। अब, आखिरकार इंतजार खत्म हुआ और मुंबईवासियों को टेस्ला की कारें करीब से देखने और समझने का मौका मिलेगा। सूत्रों के अनुसार, शोरूम में टेस्ला की लोकप्रिय मॉडल्स को प्रदर्शित किया जाएगा और टेस्ट ड्राइव की सुविधा भी दी जाएगी। इसके साथ ही, ग्राहक शोरूम से ही कार की बुकिंग भी कर सकेंगे।
टेस्ला की यह एंट्री भारत में EV रिवॉल्यूशन को और तेज़ कर सकती है और बाकी ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए भी एक नई चुनौती साबित हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि टेस्ला भारत के ऑटो सेक्टर में कितना बदलाव ला पाती है।




