- भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “देवाभाऊ जनकल्याण सेवा सप्ताह” के अंतर्गत आयोजित महाआरोग्य शिविर में गंभीर बीमारियों से ग्रसित अनेक मरीजों की पहचान की गई। इस शिविर की विशेष बात यह रही कि सभी जांच और इलाज निःशुल्क किए गए। विधायक किशोर जोरगेवार के मार्गदर्शन और पहल से पहले चरण में 35 मरीजों को सावंगी मेघे स्थित आचार्य विनोबा भावे अस्पताल में शस्त्रक्रिया (ऑपरेशन) के लिए रवाना किया गया। इन मरीजों को विधायक के जनसंपर्क कार्यालय द्वारा विशेष बस सुविधा से रवाना किया गया। इस अवसर पर भाजपा महानगराध्यक्ष सुभाष कासनगोट्टूवार, नामदेव डाहुले, अॅड. राहुल घोटेकर, प्रसाद जोरगेवार सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
यह सेवा सप्ताह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया गया था। सप्ताहभर चले इस सेवा उपक्रम में विभिन्न समाजसेवी और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियाँ चंद्रपुर में संपन्न हुईं। महाआरोग्य शिविर का आयोजन शकुंतला लॉन में किया गया था, जहाँ मुंबई और विदर्भ के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सेवा दी। इस दौरान 5000 से अधिक मरीजों की जांच की गई, जिनमें हृदय रोग, कैंसर, हड्डी रोग, नेत्र रोग जैसी गंभीर बीमारियाँ पाई गईं। जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता थी, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता दी गई। पहले चरण में भेजे गए 35 मरीजों की निशुल्क सर्जरी की जाएगी और आगामी दिनों में बाकी मरीजों को भी चरणबद्ध तरीके से इलाज के लिए भेजा जाएगा।



