आज चंद्रपुर के सिटी माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष और प्रेरणादायक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शिवसेना (उबाठा) प्रमुख तथा पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव बालासाहेब ठाकरे के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का आयोजन शिक्षक सेना चंद्रपुर जिलाध्यक्ष एवं संपर्कप्रमुख राजेश नायडू के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें जल्द ही रिलीज होने जा रही बहुचर्चित फिल्म “तूफान – एक नशा” की पूरी टीम ने हिस्सा लिया। फिल्म के अभिनेता और अभिनेत्रियों ने न केवल कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, बल्कि अपने हाथों से वृक्षारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय प्राचार्य स्वाति जनबादे, शिक्षिकाएं पारखे मैडम, कन्नाके मैडम, तथा अन्य शिक्षकेत्तर कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजेश नायडू, फिल्म के निर्देशक प्रेम धिराल, निर्माता शक्तिवीर धिराल, कलाकार शिव सिंह राठौड़, धनाश्री गाडगे, शक्ति, तथा नेहा ग्रूम की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लेकर वृक्षारोपण में सहयोग किया और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस कार्यक्रम ने न सिर्फ पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि कला, शिक्षा और समाज के एक साथ आने का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत किया। “एक पेड़, एक जीवन” के संदेश को लेकर संपन्न हुआ यह आयोजन निश्चित ही आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।



