मंगलवार को नागपुर, चंद्रपुर, गड़चिरोली, अमरावती और वर्धा समेत विदर्भ के कई जिलों में लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक तेज आवाज के साथ “Extremely Severe Alert” का संदेश आने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अचानक मोबाइल में अलार्म बजने से लोग घबरा गए। कई लोगों ने तुरंत फोन बंद कर दिया, तो कुछ को लगा कि मोबाइल में कोई वायरस आ गया है।
अलर्ट आने के वक्त जिन लोगों की फोन पर बातचीत चल रही थी, उन्होंने भी घबराकर कॉल बीच में ही काट दी। कार्यालयों, दुकानों और घरों में एक साथ मोबाइल बजने से लोगों में भ्रम और डर का माहौल देखने को मिला। कई लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर यह जानने की कोशिश की कि आखिर मामला क्या है।
मोबाइल स्क्रीन पर आए संदेश में अगले 24 घंटों के दौरान अमरावती, चंद्रपुर, गड़चिरोली, नागपुर और वर्धा जिलों में कई स्थानों पर भीषण गर्मी की लहर और कुछ जगहों पर रात में भी गर्मी बने रहने की संभावना जताई गई है।
हालांकि गर्मी को लेकर प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी करना जरूरी माना जा रहा है, लेकिन अचानक तेज अलार्म के साथ इस तरह संदेश भेजे जाने पर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिना किसी पूर्व जानकारी के अचानक इस तरह का अलर्ट आने से डर और भ्रम की स्थिति बन गई।

वहीं विदर्भ में लगातार बढ़ती गर्मी और तापमान ने पहले से ही लोगों की चिंता बढ़ा रखी है। ऐसे में अलर्ट के बाद गर्मी को लेकर लोगों में और अधिक डर का माहौल बन गया है। प्रशासन ने नागरिकों से दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।



