बदलते औद्योगिक परिदृश्य के अनुसार प्रशिक्षित और दक्ष मानव संसाधन उपलब्ध कराना समय की मांग है, और इसी दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार के पूर्व वन, सांस्कृतिक कार्य व मत्स्य व्यवसाय मंत्री तथा बल्लारपुर के लोकप्रिय विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने यह स्पष्ट किया कि राज्य में उद्योगों की आवश्यकतानुसार प्रशिक्षित युवाओं को तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वे हाल ही में बल्लारपुर स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। बल्लारपुर की रानी हिराई शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था की इमारत का पूर्ण नवीनीकरण और आधुनिकीकरण कार्य तेजी से प्रगति पर है। यह संस्था केवल प्रशिक्षण केंद्र न रहकर, महाराष्ट्र की एक आदर्श और अत्याधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बने, यही इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य है। विधायक मुनगंटीवार ने इसे भविष्य की मांगों के अनुरूप एक बुनियादी निवेश बताया।
इस अवसर पर आयोजित समीक्षा बैठक में लाॅयड मेटल्स के वरिष्ठ प्रबंधक अमित जय सिंह, सार्वजनिक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता मुकेश टांगले, उपअभियंता संजोग मेंढे, एसएनडीटी विश्वविद्यालय उपकेंद्र के निदेशक डॉ. राजेश इंगोले, आईटीआई के प्राचार्य राजरत्न वानखेडे तथा कनिष्ठ अभियंता खोरगडे उपस्थित थे। विधायक मुनगंटीवार ने जानकारी दी कि पूर्व में ‘स्मार्ट आईटीआई’ के रूप में विकसित करने हेतु 15 करोड़ रुपये की निधि स्वीकृत की गई थी। इस निधि से भवन का पूर्ण नवीनीकरण, आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था और संस्थान के मुख्य द्वार को औद्योगिक औजारों की थीम पर डिजाइन करने का कार्य चल रहा है। साथ ही, हवाईपट्टी की तरह रेडियम लाइन वाला मार्ग तैयार करने की योजना है। उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान में रिक्त पदों को तत्काल भरने की आवश्यकता है।




